लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
धौलपुर | कोतवाली थाना क्षेत्र
पत्नी के मायके में रहने के दौरान अकेलेपन ने एक ज्योतिष की जिंदगी छीन ली।
धौलपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के कसाईपाड़ा मोहल्ले में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक 45 वर्षीय युवक का शव उसके ही घर में फंदे पर लटका हुआ मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान आशीष शर्मा (45) पुत्र विश्वनाथ शर्मा के रूप में हुई है, जो पेशे से ज्योतिष का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि आशीष की पत्नी अपने बेटे के साथ ग्वालियर स्थित मायके में रहती थी, जबकि आशीष घर में अकेला रह रहा था।
विडंबना यह रही कि जो व्यक्ति लोगों का भविष्य बताता था, वह अपने जीवन की राह नहीं देख पाया और उसने अपने ही घर में आत्मघाती कदम उठा लिया।
शनिवार शाम को
जब मोहल्ले के लोगों को आशीष के घर से तेज दुर्गंध आई, तो उन्हें अनहोनी का शक हुआ। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का दरवाजा खोला, जहां आशीष का शव फंदे पर लटका हुआ मिला।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।
इस संबंध में एएसआई गिरीश कुमार ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना समाज में अकेलेपन और मानसिक तनाव की एक गंभीर तस्वीर पेश करती है।











































