लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौवंश का विशेष महत्व है और प्राचीन काल से ही हमारी समृद्धि का आधार गौ रहा है। उन्होंने कहा कि गौ-आधारित वैश्विक शिखर सम्मेलन ‘गौ महाकुंभ’ जैसे आयोजन हमें गौ संरक्षण, संवर्धन और गोपालकों एवं किसानों को सशक्त बनाने का संदेश देते हैं।
मुख्यमंत्री शनिवार को जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में श्री देवराहा बाबा गौ सेवा परिवार द्वारा आयोजित गौ महाकुंभ को संबोधित कर रहे थे।
गौ सेवा का संकल्प लेने का आह्वान
सीएम शर्मा ने कहा कि हमारे घरों में प्रथम रोटी गाय के लिए बनाने, खेतों में बुवाई से पहले बैलों की पूजा करने और विवाह समारोह गोधूलि वेला में करने की परंपरा रही है। उन्होंने आह्वान किया कि लोग अपने जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ जैसे अवसरों पर गौशालाओं में जाकर गौ सेवा का संकल्प लें।
गौशालाओं और गोपालकों के लिए अभूतपूर्व कदम
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने गौवंश, गोपालक और किसानों के कल्याण के लिए ऐतिहासिक पहलें की हैं:
-
2,791 करोड़ रुपये का अनुदान गौ संरक्षण एवं संवर्धन योजनाओं के लिए।
-
पंजीकृत गौशालाओं को प्रति गाय 50 रुपये प्रतिदिन और छोटे बछड़ों के लिए 25 रुपये प्रतिदिन की सहायता।
-
100 गौशालाओं को गौ काष्ठ मशीनें रियायती दरों पर।
-
अब तक 341 गौशालाओं में आधारभूत सुविधाओं का निर्माण।
-
नंदीशाला सहभागिता योजना के तहत पंचायत स्तर पर संरचनाओं के लिए 62 करोड़ रुपये से अधिक की राशि आवंटित।
राजस्थान बनेगा डेयरी हब
सीएम शर्मा ने कहा कि लक्ष्य है कि राजस्थान केवल कृषि प्रधान राज्य न रहकर, आने वाले समय में भारत का सबसे बड़ा डेयरी हब बने।
-
दुग्ध उत्पादकों को प्रति लीटर 5 रुपये अनुदान।
-
दूध का औसत मूल्य 864 रुपये प्रति किलो फैट सुनिश्चित।
-
मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना में 500 करोड़ रुपये का प्रावधान, जिसमें से 468 करोड़ रुपये डीबीटी से जारी।
किसानों और पशुपालकों को सशक्त करने के प्रयास
मुख्यमंत्री ने किसानों और पशुपालकों को “अन्नदाता और पोषणदाता” बताते हुए कहा कि उन्हें आधुनिक तकनीक, सही दाम और सुरक्षित जीवन देना सरकार की प्राथमिकता है।
-
किसान सम्मान निधि की राशि 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये।
-
गोपाल क्रेडिट कार्ड के तहत ऋण सुविधा।
-
33 हजार से अधिक दुग्ध उत्पादकों का 3 लाख रुपये का बीमा।
प्रदर्शनी और गोकुल ग्राम मॉडल का अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गौ आधारित प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और देशी नस्ल की गायों व बैलों की जानकारी ली। उन्होंने जयपुर के बिचून में विकसित किए जा रहे गोकुल ग्राम मॉडल का भी अवलोकन किया।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
गौ महाकुंभ में जयपुर जिला प्रमुख रमादेवी चोपड़ा, गौ महाकुंभ के चेयरमैन डॉ. लालसिंह सहित कई संस्थाओं के प्रतिनिधि, गौ-पालक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।