लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
21 हजार करोड़ से होंगे विकास कार्य
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प के अनुरूप विकसित राजस्थान का निर्माण राज्य सरकार का ध्येय है। इसी दिशा में शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर राज्य सरकार एवं पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बीच एक अहम समझौता (एमओयू) हुआ। इस समझौते के तहत अगले 5 वर्षों में बैंक राज्य सरकार की विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं के लिए 21 हजार करोड़ रुपये का वित्तीय सहयोग प्रदान करेगा।
ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे, मेट्रो विस्तार और अक्षय ऊर्जा पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे, अक्षय ऊर्जा परियोजनाएं और जयपुर मेट्रो का विस्तार जैसे कार्य प्रदेश को नए विकास पथ पर ले जाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 350 बिलियन डॉलर तक पहुँचाने का है और इसके लिए पूंजीगत निवेश पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
साझेदारी से जनकल्याण को नई दिशा
सीएम शर्मा ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक राज्य के विकास में एक मजबूत साझेदार के रूप में सामने आया है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस साझेदारी से जनकल्याण एवं विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्तीय संसाधन व्यक्ति, गांव और प्रदेश—सभी के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जैसे प्रयासों ने गरीब वर्ग के जीवन स्तर में बड़ा बदलाव लाया है।
उन्होंने एमएसएमई इकाइयों को अपेक्षित सहयोग देने और आमजन को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने की अपील की, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक वित्तीय सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सके।
एमओयू के जरिए परियोजनाओं को गति
इस समझौते पर शासन सचिव, वित्त (व्यय) विभाग और पीएनबी के जोनल हेड ने हस्ताक्षर किए। समझौते के अंतर्गत ऊर्जा, सड़क, पेयजल और स्वच्छता से जुड़ी परियोजनाओं को वित्तीय पोषण मिलेगा। इससे आधारभूत संरचना से संबंधित विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
इस अवसर पर मुख्य सचिव सुधांश पंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) शिखर अग्रवाल, प्रमुख शासन सचिव (वित्त) वैभव गालरिया, पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक चंद्र सहित वित्त विभाग और मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं पीएनबी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।