लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नकबजनी, महिला अत्याचार, मारपीट और शांति भंग सहित विभिन्न मामलों में कार्रवाई
किशनगढ़-रेनवाल। (नवीन कुमावत, लोक टुडे न्यूज नेटवर्क) रेनवाल थाना पुलिस ने एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का यह विशेष अभियान 29 से 30 सितंबर तक चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज राहुल प्रकाश के निर्देश पर जिलेभर में असामाजिक तत्वों, आदतन अपराधियों और विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया गया। इसी क्रम में रेनवाल थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की।
तकनीकी सहायता और आसूचना के आधार पर दबिश
अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय नीरज पाठक और वृत्ताधिकारी पन्नालाल जांगिड़ के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता के आधार पर वांछित आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश वर्मा (28), निवासी करड़ रोड रेनवाल को शांति भंग और नकबजनी के मामले में गिरफ्तार किया गया। सूरज आचार्य उर्फ मोनू (22), निवासी वार्ड नंबर 3, रामदेवजी का मंदिर, रेनवाल को गिरफ्तारी वारंट में पकड़ा गया।
इसी तरह अंशु शर्मा (33) और देवेंद्र शर्मा (30), निवासी विजय विस्तार, जयपुर को शांति भंग और महिला अत्याचार के प्रकरण में गिरफ्तार किया गया। बौदूराम (50), निवासी ढाणी स्वामी वाली, अभयपुरा को गिरफ्तारी वारंट में पकड़ा गया।
हरिओम (26), निवासी सापों की ढाणी, डूंगरसी का बास, रेनवाल थाना को नकबजनी के मामले में, जबकि इरफान खान (24), निवासी वार्ड नंबर 4, मिंडा रोड, रेनवाल और हारून (32), निवासी वार्ड नंबर 6, मिंडा रोड, खालड़ा, किशनगढ़-रेनवाल को नकबजनी के मामलों में गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा देवीलाल (36), निवासी घोसल्या की ढाणी, भैंसावा, थाना जोबनेर को मारपीट के प्रकरण में तथा रामलाल (35), निवासी किशनगढ़-रेनवाल को गिरफ्तारी वारंट में पकड़ा गया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई में रेनवाल थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार, उप निरीक्षक प्रभुसिंह, प्रह्लाद सिंह, विजय सिंह पुनियां सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में वांछित आरोपियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है।
