लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। शहर के कई इलाकों में इन दिनों दूषित जल आपूर्ति की समस्या गंभीर होती जा रही है। कम प्रेशर के साथ-साथ कई क्षेत्रों में नलों से पीले रंग का पानी आने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी क्रम में विष्णु मार्ग, गणगौरी बाजार निवासी प्रदीप मिश्रा ने बताया कि पिछले दो दिनों से उनके घर के नल से पीले रंग का पानी आ रहा है। उनका कहना है कि यह पानी पीने और घरेलू उपयोग के लिए बिल्कुल उपयुक्त नहीं है, जिससे परिवार के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, जल आपूर्ति में इस प्रकार की लापरवाही अब एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को इस मुद्दे पर तुरंत संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द प्रभावित क्षेत्रों में जांच करवाई जाए, ताकि पानी के दूषित होने के वास्तविक कारणों का पता लगाकर समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके। साथ ही, उन्होंने स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की शीघ्र आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील भी की है, ताकि आम जनजीवन प्रभावित न हो।
