Home latest जयपुर में 11 अक्टूबर से सजेगा रामलीला का मंच

जयपुर में 11 अक्टूबर से सजेगा रामलीला का मंच

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर में 20 अक्टूबर को 51 फीट के रावण का होगा दहन

14 अक्टूबर को निकलेगी भगवान श्रीराम की भव्य बारात; मथुरा के कलाकार करेंगे रामायण प्रसंगों का मंचन

जयपुर, 9 अक्टूबर। गुलाबी नगरी जयपुर में सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की झलक एक बार फिर भव्य रामलीला महोत्सव में देखने को मिलेगी। श्री सनातन धर्म महोत्सव समिति के तत्वावधान में 11 से 20 अक्टूबर 2026 तक रामलीला मैदान में रामलीला का मंचन किया जाएगा। मथुरा से आए प्रसिद्ध कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रमुख प्रसंग प्रस्तुत करेंगे। आयोजन का मुख्य आकर्षण 14 अक्टूबर को निकलने वाली श्रीराम बारात और विजयदशमी पर 51 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा।

जयपुर सांसद एवं श्री सनातन धर्म महोत्सव समिति की संरक्षक मंजू शर्मा ने प्रेसवार्ता में बताया कि जयपुर की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से रही है। रामलीला की ऐतिहासिक परंपरा को भव्य स्वरूप देते हुए नई पीढ़ी को भी इससे जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से भगवान श्रीराम के

आदर्शों, मर्यादा और धर्म का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

चांदपोल से रामलीला मैदान तक निकलेगी श्रीराम बारात

रामलीला महोत्सव में 14 अक्टूबर को श्रीराम विवाह प्रसंग का मंचन होगा। इससे पहले भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली जाएगी। बारात जयपुर के प्राचीन श्रीरामचंद्रजी मंदिर, चांदपोल बाजार से रवाना होकर छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, बापू बाजार और न्यू गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी।

बारात मार्ग पर शहरवासी भगवान श्रीराम की बारात के दर्शन कर सकेंगे। विभिन्न स्थानों पर बारात के स्वागत की भी तैयारी की गई है। इस दौरान जयपुर के पारंपरिक बाजारों में धार्मिक उत्सव का माहौल देखने को मिलेगा।

विजयदशमी पर 51 फीट के रावण का दहन

समिति के मार्गदर्शक प्रवीण जी बड़े भैया (सरसनिकुंज) ने बताया कि 20 अक्टूबर को विजयदशमी के अवसर पर 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। यह आयोजन बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देगा।

रामलीला महोत्सव के साथ मेले का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें खानपान की विभिन्न स्टॉल लगेंगी और बच्चों के मनोरंजन के लिए झूलों की व्यवस्था रहेगी। इससे परिवारों को धार्मिक आयोजन के साथ मेले का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

मंदिरों और सामाजिक संगठनों तक पहुंचा महोत्सव का संदेश

समिति के स्वागत अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने बताया कि रामलीला महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जयपुर के विभिन्न मंदिरों एवं सामाजिक संगठनों में पोस्टर विमोचन कार्यक्रम आयोजित किए हैं। मीडिया प्रभारी: गुंजन वशिष्ठ, श्री सनातन धर्म महोत्सव समिति ने बताया किआयोजन को लेकर शहरवासियों को आमंत्रित किया जा रहा है।

समिति का उद्देश्य जयपुर की पारंपरिक रामलीला को भव्य स्वरूप देना, धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को सहेजना और भगवान श्रीराम के आदर्शों को समाज तक पहुंचाना है।

आयोजन की प्रमुख तिथियां

11 अक्टूबर: रामलीला महोत्सव का शुभारंभ

14 अक्टूबर: श्रीराम विवाह प्रसंग और भव्य श्रीराम बारात

20 अक्टूबर: विजयदशमी पर 51 फीट ऊंचे रावण का दहन

 

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version