लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उग्र आंदोलन की चेतावनी
भरतपुर। रूपवास कस्बे में शराब के ठेके को जाटव बस्ती के पास शिफ्ट किए जाने के विरोध में सोमवार को सैकड़ों स्थानीय लोग, विशेषकर महिलाएं, कलेक्ट्रेट पहुंचीं और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निर्णय को तुरंत वापस लेने की मांग की।
स्थानीय निवासी मनोज गौतम ने बताया कि कस्बे में पहले से ही एक व्यक्ति के तीन शराब ठेके संचालित हैं, और अब एक नया ठेका जाटव बस्ती से मात्र 10 मीटर की दूरी पर खोला जा रहा है। प्रस्तावित स्थान के पास बस स्टैंड, साईं बाबा मंदिर और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थित है, जिससे क्षेत्र की संवेदनशीलता और बढ़ जाती है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ठेका खुलने से इलाके का माहौल खराब होगा और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ेगा। उन्होंने आशंका जताई कि शराबियों के कारण छेड़छाड़ जैसी घटनाएं बढ़ सकती हैं।
इस संबंध में पहले भी एसडीएम को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन समाधान नहीं निकलने पर लोग कलेक्टर से मिलने पहुंचे। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि ठेके की शिफ्टिंग का आदेश रद्द नहीं किया गया, तो आंदोलन उग्र रूप ले सकता है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने जरेला गांव की घटना का हवाला देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे भी कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे।