लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ईटीआईएम मशीन और टिकट विंडो कंप्यूटर में नहीं दर्ज गुरलां का नाम, यात्रियों को रोज़ाना परेशानी
भीलवाड़ा।
ग्राम पंचायत गुरलां में रोडवेज बस स्टैंड दस साल पहले कागज़ों में घोषित तो कर दिया गया, लेकिन आज भी यहां बसों का ठहराव नियमित रूप से नहीं हो रहा है। स्थिति यह है कि ईटीआईएम मशीन और कंप्यूटर सिस्टम में गुरलां का नाम तक दर्ज नहीं, जिससे साधारण और एक्सप्रेस—दोनों श्रेणी की बसें यहां रुकती ही नहीं हैं। इसके कारण करीब एक दर्जन गांवों के हजारों यात्री पुर, कारोई, गंगापुर या भीलवाड़ा तक जाकर बस पकड़ने को मजबूर हैं।
दस साल पहले मिला था ठहराव, पर क्रियान्वयन अधूरा
रोडवेज जयपुर मुख्यालय ने वर्षभर पहले आदेश जारी कर गुरलां को
-
साधारण और एक्सप्रेस दोनों बसों का स्टॉपेज,
-
टिकट जारी करने योग्य केंद्र,
-
और ईटीआईएम मशीन में फीड किए जाने का निर्देश दिया था।
कुछ समय तक बसें रुकीं भी, लेकिन बाद में ठहराव फिर बंद हो गया। आज स्थिति यह है कि अधिकांश आगारों—जैसे कोटा, बारां, बूंदी, वैशाली नगर, उदयपुर, अलवर, प्रतापगढ़, अजमेर, फालना, जोधपुर, पाली—की बसें गुरलां में रुकती ही नहीं हैं।
यात्रियों को टिकट भी नहीं मिलता
स्थानीय यात्रियों के अनुसार—
-
कई बसें हाथ देने पर भी नहीं रुकतीं।
-
कुछ परिचालक गुरलां का टिकट काटने से मना कर देते हैं, यह कहकर कि मशीन में यह स्टॉपेज फीड नहीं है।
-
भीलवाड़ा आगार से चलने वाली कुछ बसें गुरलां का टिकट तो काटती हैं, पर अन्य आगारों की बसें नाम नहीं होने के कारण टिकट जारी नहीं करतीं।
राजसमंद डिपो की बसों में भी गुरलां का नाम टिकट सूची में उपलब्ध नहीं है।

लोगों को हो रही भारी असुविधा
गुरलां और आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों लोग रोज़गार, पढ़ाई और अन्य कार्यों के लिए
भीलवाड़ा, गंगापुर और रायपुर आते-जाते हैं।
-
रात्रिकालीन बसों का न रुकना
-
एक्सप्रेस सेवाओं का ठहराव न होना
इन सबके चलते ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों की मांग: गुरलां बस स्टैंड को पूर्ण रूप से लागू किया जाए
ग्रामीणों का कहना है कि गुरलां राष्ट्रीय राजमार्ग 758 पर स्थित होने के कारण यह एक महत्वपूर्ण बस स्टॉप है।
यदि यहां नियमित बस ठहराव शुरू हो जाए तो—
-
महिलाओं को रियायती यात्रा का लाभ मिलेगा,
-
आसपास के गांवों के लोगों को सीधी बस सेवाएं मिलेंगी,
-
रोज़ी-रोटी के लिए आने-जाने वालों को राहत मिलेगी।
ग्रामीणों ने रोडवेज प्रशासन से मांग की है कि—
-
गुरलां को आधिकारिक रूप से बस स्टैंड घोषित कर क्रू मेंबर्स को पाबंद किया जाए,
-
ईटीआईएम मशीन में स्टॉपेज फीड किया जाए,
-
और संबंधित आगारों को आदेश जारी कर सभी बसों का नियमित ठहराव अनिवार्य किया जाए।


















































