लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बारावरदा। ग्राम पंचायत ग्यासपुर के कर्मा खेड़ा गांव में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जाखम बांध, जो लंबे समय से जर्जर टीन शेड में संचालित हो रहा था, अब स्थायी भवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है। वर्षों से ग्रामीणों और शिक्षकगण द्वारा विद्यालय के लिए स्थायी भवन की मांग की जा रही थी, जो अब साकार होती नजर आ रही है।
विद्यालय की भूमि आवंटन प्रक्रिया लंबे समय तक वन विभाग, सिंचाई विभाग एवं शिक्षा विभाग के बीच अटकी रही, जिसके कारण समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। इस दौरान विद्यालय अत्यंत पुराने और असुरक्षित टीन शेड में संचालित होता रहा, जिससे विद्यार्थियों को कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
सहकारिता मंत्री गौतम दख, सांसद मन्नालाल रावत, ग्राम पंचायत ग्यासपुर की सरपंच रूपा देवी, सरपंच प्रतिनिधि भंवरलाल मीणा, शिक्षकगण, ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के निरंतर प्रयासों के बाद आखिरकार सरकार एवं वन विभाग द्वारा विद्यालय के लिए भूमि आवंटन की स्वीकृति प्रदान की गई। ग्राम पंचायत के सहयोग से भूमि आवंटन का पट्टा भी जारी किया गया।
आज 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जाखम बांध परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समस्त ग्रामीणों एवं विद्यालय परिवार की उपस्थिति में भूमि आवंटन का पट्टा विद्यालय को सौंपा गया। इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी हरीश त्रिवेदी, रूपा मीणा सहित ग्राम पंचायत के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भूमि आवंटन की स्वीकृति मिलने से पूरे गांव और विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की कि शीघ्र ही विद्यालय में चारदीवारी एवं पक्के भवन का निर्माण होगा, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
यह क्षेत्र आदिवासी अंचल होने के कारण लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहा है। विद्यालय भवन के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं क्षेत्र का नाम रोशन कर सकेंगे।
इस अवसर पर सरपंच रूपा देवी, सरपंच प्रतिनिधि भंवरलाल मीणा, समस्त ग्रामीण, कार्यकर्ता एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
