लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था योगेश
राजसमंद। (गौतमशर्मा) जिले के आमेट थाना क्षेत्र के जाटों का दुदालिया गांव में खेत पर कृषि कार्य के दौरान करंट लगने से 38 वर्षीय किसान योगेश शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन गंभीर हालत में उन्हें तत्काल आमेट चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, योगेश शर्मा खेत पर गायों के लिए कुट्टी और चारा लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बारिश के कारण खेत में करंट फैल गया और वे उसकी चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पांच साल पहले पिता का भी हो चुका था निधन
ग्रामीणों ने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व योगेश के पिता सत्यनारायण शर्मा का भी निधन हो गया था। इसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी योगेश के कंधों पर आ गई थी। वह घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था।
योगेश अपने पीछे मां, दो पुत्र कौस्तुभ और यज्ञनेश, तथा पुत्री माधवी को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां बेसुध हो गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव में शोक, ग्रामीणों ने की आर्थिक सहायता की मांग
ग्रामीणों के अनुसार योगेश शर्मा मिलनसार और मृदुभाषी स्वभाव के व्यक्ति थे तथा गांव के हर सुख-दुख में हमेशा आगे रहते थे। उनके असामयिक निधन से पूरे गांव और रिश्तेदारों में गहरा शोक व्याप्त है।
घटना की सूचना मिलने पर आमेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अधिकारी सीआई ओमसिंह चूंडावत के निर्देशन में पुलिस ने आमेट अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इधर, ग्रामीणों ने बिजली निगम और कृषि विभाग से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।











































