Home latest एम्स हॉस्पिटल ने लिया पक्षियों के दाना-पानी का संकल्प

एम्स हॉस्पिटल ने लिया पक्षियों के दाना-पानी का संकल्प

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

  परिंडे लगाओ अभियान को मिला समर्थन

जोधपुर (बृजकिशोर पारीक)। भीषण गर्मी में पक्षियों के संरक्षण और उनके लिए दाना-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जायंट्स ग्रुप ऑफ रॉयल लेडीज, जोधपुर द्वारा संचालित “परिंडे लगाओ अभियान” लगातार आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में जोधपुर स्थित एम्स हॉस्पिटल परिसर में पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए और कर्मचारियों ने उनके नियमित दाना-पानी की व्यवस्था का संकल्प लिया।

संस्था की संरक्षक एवं फेडरेशन ऑफिसर निरूपा पटवा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एम्स हॉस्पिटल के गेट नंबर-1, गेट नंबर-3, ब्लड बैंक सहित विभिन्न स्थानों पर परिंडे लगाए गए। इस दौरान अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों, मेडिकल स्टाफ और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लिया।

संस्था की अध्यक्ष तारा सोलंकी ने बताया कि रॉयल लेडीज ग्रुप ने अपने शपथ ग्रहण समारोह के दौरान शहर में 500 परिंडे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसी लक्ष्य के तहत संस्था प्रतिदिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों, अस्पतालों, विद्यालयों, पार्कों और मंदिरों में पक्षियों के लिए परिंडे वितरित कर रही है तथा आमजन को भी जीव-जंतुओं और पक्षियों के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित कर रही है।

निरूपा पटवा ने बताया कि बढ़ती गर्मी में पक्षियों के सामने पानी का संकट गंभीर हो जाता है। ऐसे में समाज की सहभागिता से उनके लिए दाना-पानी की व्यवस्था करना मानवता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

एम्स हॉस्पिटल के प्राचार्य ने इस पहल की सराहना करते हुए निरूपा पटवा एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक और पर्यावरणीय अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक भी करते हैं।

ब्लड बैंक के गंगासिंह राठौड़ ने बताया कि अस्पताल प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण और पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से इस अभियान में सहभागिता की है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से आमजन में प्रकृति, पशु-पक्षियों और पर्यावरण के प्रति प्रेम एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

अभियान के माध्यम से संस्था लगातार यह संदेश दे रही है कि भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों के लिए पानी और दाना उपलब्ध कराना एक छोटा प्रयास जरूर है, लेकिन इससे असंख्य पक्षियों को जीवनदान मिल सकता है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version