लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के एक्शन प्लान की अनुपालना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेड़ता की सचिव स्वाति शर्मा के निर्देशानुसार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, ईटावड़ा लाडखानी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में पीएलवी जुगल सिंह सोलंकी ने विद्यार्थियों को बाल विवाह निषेध अधिनियम, नालसा हेल्पलाइन 15100 के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता, भारतीय संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकार एवं मूल कर्तव्यों तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ दंडनीय अपराध भी है, जिसे रोकना समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर नालसा हेल्पलाइन 15100 का उपयोग करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों से संविधान के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक रिछपाल चौधरी, भीयाराम टाडा, पन्नालाल, राधाकिशन प्रजापत, देवेन्द्र प्रजापत, सुमन मीना सहित विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


















































