लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
25 दिसम्बर को शक्ति प्रदर्शन, 26 दिसम्बर को जयपुर कूच का आह्वान
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
दूनी कस्बे के पीएम श्री उच्च माध्यमिक विद्यालय में राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) का राज्य स्तरीय चिंतन शिविर एवं जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई। कार्यक्रम में कर्मचारी हितों, लंबित मांगों और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
“लोकतंत्र में सिर कटाने की नहीं, सिर गिनाने की जरूरत”—महेंद्र सिंह चौधरी
महासंघ के प्रमुख महेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि कर्मचारी हितों की रक्षा बुद्धि, युक्ति और शक्ति के आधार पर ही संभव है।
उन्होंने कहा—
“हमेशा कर्मचारियों के हक के लिए मजबूती से खड़े रहे हैं। अब फिर से सरकार के सामने शक्ति प्रदर्शन की आवश्यकता आ गई है।”

प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र राणा का 26 दिसम्बर को जयपुर कूच का आह्वान
संस्था के जिला पदाधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने प्रांतीय स्तर पर आंदोलन की घोषणा की।
उन्होंने कहा—
“राज्यभर के कर्मचारी 26 दिसम्बर को राजधानी जयपुर कूच कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएँ। अब संघर्ष का समय है।”
कर्मचारियों की मांगें—रिक्त पदों की भर्ती से लेकर 8वें वेतन आयोग की समीक्षा तक
समारोह में प्रदेश कोषाध्यक्ष कैलाश चंद्र, जयपुर जिलाध्यक्ष के.के. यादव सहित कई वक्ताओं ने कर्मचारियों की मांगों को मजबूती से उठाया।
मुख्य मांगें इस प्रकार रहीं—
-
विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की शीघ्र भर्ती
-
आठवें वेतन आयोग की समीक्षा और पेंशनभोगियों के हितों की सुरक्षा
-
संविदा, निविदा एवं ठेका कर्मचारियों के नियमों और वेतन भत्तों को अनुकूल बनाना
-
शिक्षकों की कमी दूर करने पर विशेष जोर
वक्ताओं ने कहा—
“आज नेताओं के पास 40 कमांडो हैं, लेकिन 40 विद्यार्थियों पर भी एक शिक्षक नहीं है। यह व्यवस्था बदलनी होगी।”

संघटनात्मक जिम्मेदारियाँ और नई नियुक्तियाँ
कार्यक्रम संयोजक सुरेंद्र सिंह नरुका ने बताया कि महासंघ के जिलाध्यक्ष राजाराम जांगिड़ एवं महामंत्री प्रमोद स्वर्णकार ने जयपुर आंदोलन के लिए जिले के कर्मचारियों को जिम्मेदारियाँ सौंपीं और लंबित प्रकरणों के समाधान हेतु कार्ययोजना बनाई।
कार्यक्रम में सर्वसम्मति से—
-
देवली तहसील अध्यक्ष: नरेश पारीक
-
दूनी तहसील अध्यक्ष: राजू लाल कुम्हार
को मनोनीत किया गया।
कई कर्मचारी नेता हुए शामिल
बैठक में प्रबोध संघ के प्रदेश मंत्री केसरलाल जाट, शिक्षक संघ सियाराम के कन्हैयालाल मीणा, कर्मचारी नेता ओमप्रकाश रोझ, कमल किशोर चतुर्वेदी, नाथूलाल बैरवा, बद्री पालीवाल, ब्रमराज मीणा, राधाकृष्ण मीणा, कैलाश शर्मा, तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
















































