लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लगातार तीसरी रात स्कूल बना निशाना
तीन दिनों में सरकारी विद्यालयों में लगातार चोरी की घटनाएं, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
डग (झालावाड़)। झालावाड़ जिले के डग कस्बे में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने पीएम श्री विद्यालय को निशाना बनाते हुए आधा दर्जन कमरों के ताले तोड़ दिए। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, डग थाना क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर स्थित पीएम श्री विद्यालय में चोरों ने कार्यालय, प्रधानाचार्य कक्ष, स्पोर्ट्स रूम, ओपन कार्यालय तथा परीक्षा कक्ष सहित करीब आधा दर्जन कमरों के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य छुट्टनलाल मीणा ने बताया कि घटना देर रात की है। गुरुवार सुबह विद्यालय खुलने पर ताले टूटे मिले, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से डग कस्बे के राजकीय विद्यालय लगातार चोरों के निशाने पर हैं। सोमवार रात राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय के ताले तोड़े गए थे। इसके बाद मंगलवार रात महात्मा गांधी नूतन विद्यालय, डग में भी चोरी का प्रयास किया गया। इन घटनाओं के बावजूद पुलिस द्वारा रात्रि गश्त नहीं बढ़ाए जाने से बुधवार रात पीएम श्री विद्यालय में भी चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चोर खुलेआम पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। वहीं, शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले विद्यालयों को बार-बार निशाना बनाए जाने से कस्बे में व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक चोरी हुए सामान और नुकसान का विस्तृत आकलन सामने नहीं आया था।
















































