लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में हजारों मातृशक्तियों ने लिया भाग
डग, झालावाड़। राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने झालावाड़ जिले के डग क्षेत्र स्थित दुधालिया गांव में आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन एवं जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र को अनेक विकासात्मक सौगातें दीं।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी तथा झालावाड़–बारां सांसद दुष्यंत सिंह भी मौजूद रहे।
आयोजन स्थल पर मुख्यमंत्री द्वारा मनरेगा उद्यान एवं गौशाला का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन, लोकार्पण एवं शिलान्यास किए गए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने गोवर्धन बायोगैस प्लांट और सीता वाटिका का भी अवलोकन किया।
कार्यक्रम के दौरान जिले में महिला सशक्तिकरण की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। राजीविका, कृषि, उद्योग, पशुपालन एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा महिलाओं की आजीविका एवं स्वरोजगार गतिविधियों से संबंधित विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जिनका मुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने अवलोकन किया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, उपखंड अधिकारी भवानीमंडी श्रद्धा गोमे, उपखंड अधिकारी गंगधार छत्रपाल चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सभा को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, सांसद दुष्यंत सिंह एवं प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने संबोधित किया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में मातृशक्तियां, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। “भारत माता की जय” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत दुधालिया के सरपंच द्वारा किए गए विकास कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक सहित जिले के सभी भाजपा विधायक भी उपस्थित रहे।















































