लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जीएसएस पर लगाई विशेष मॉनिटरिंग ड्यूटी
मकराना | प्रदीप कुमार डागा
भीषण गर्मी के बीच आमजन को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग ने व्यवस्थाओं पर सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में डीडवाना-कुचामन के अधीक्षण अभियंता फैलीराम मीणा ने गुरुवार को मकराना स्थित एवीवीएनएल कार्यालय का दौरा कर अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और बिजली आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया।
बैठक के दौरान अधीक्षण अभियंता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बढ़ती गर्मी के मौसम में किसी भी क्षेत्र में अनावश्यक विद्युत कटौती नहीं होनी चाहिए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में अधिशासी अभियंता राजेंद्र प्रसाद सोनी, सहायक अभियंता मनोज बंसल, कनिष्ठ अभियंता मोहम्मद इसरार सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र में विद्युत भार, ट्रिपिंग, रखरखाव कार्यों तथा आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
220 केवी जीएसएस पर विशेष निगरानी व्यवस्था
समीक्षा बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता कार्यालय, मकराना द्वारा जारी आदेशों की भी समीक्षा की गई। आदेश के अनुसार 220 केवी जीएसएस मकराना पर बिजली आपूर्ति की निगरानी के लिए कनिष्ठ अभियंताओं की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 10 जून से 12 जून तक प्रतिदिन रात्रि 9 बजे से 12 बजे तक अलग-अलग कनिष्ठ अभियंता जीएसएस पर उपस्थित रहकर सप्लाई मॉनिटरिंग का कार्य कर रहे हैं। इस दौरान कनिष्ठ अभियंता मोहम्मद इसरार, जितेंद्र कुमार तथा रूपाराम भाकर को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आमजन को राहत देना प्राथमिकता: मीणा
अधीक्षण अभियंता फैलीराम मीणा ने कहा कि गर्मी के इस दौर में आमजन को राहत देना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर बिजली व्यवस्था पर लगातार नजर रखने तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
“गर्मी के इस दौर में आमजन को राहत देना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहकर बिजली व्यवस्था पर लगातार नजर रखें और शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।”
— फैलीराम मीणा, अधीक्षण अभियंता (पवस)