Home education भीषण गर्मी में स्कूल बना पक्षियों का सहारा

भीषण गर्मी में स्कूल बना पक्षियों का सहारा

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

ईटावड़ा लाडखानी विद्यालय में लगाए 10 परिंडे, बच्चों को दिया जीव दया का संदेश

पादूकलां। लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी के बीच जहां इंसान ही नहीं बल्कि बेजुबान पशु-पक्षी भी पानी के लिए परेशान हैं, वहीं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय ईटावड़ा लाडखानी ने संवेदनशील पहल करते हुए जीव दया और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया।

विद्यालय परिसर में पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए 10 परिंडे लगाए गए। इस दौरान विद्यार्थियों और ग्रामीणों को भी अपने घरों, खेतों और सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक रिछपाल चौधरी ने बताया कि तेज गर्मी में पक्षियों के लिए पानी मिलना बेहद कठिन हो जाता है। ऐसे में विद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से यह पहल करते हुए परिसर में परिंडे लगाए, ताकि पक्षियों को राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता आज की सबसे बड़ी जरूरत है और बच्चों में ऐसे संस्कार विकसित करना समय की मांग है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों ने परिंडों में नियमित रूप से पानी भरने का संकल्प भी लिया। विद्यार्थियों में इस पहल को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

विद्यालय परिवार ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में प्रत्येक व्यक्ति अपने घर के बाहर एक परिंडा जरूर लगाए, ताकि बेजुबान पक्षियों की जिंदगी बचाई जा सके।

इस अवसर पर देवेन्द्र प्रजापत, भीयाराम टाडा, राधाकिशन प्रजापत, पन्नालाल, सुमन मीना सहित विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version