लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
स्थानीय संवाददाता-ओमप्रकाश चौधरी।
पीसांगन (अजमेर)। अवैध बजरी खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पीसांगन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक डंपर जब्त किया है। खनन विभाग की शिकायत पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
थानाधिकारी सरोज चौधरी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गश्त के दौरान यह कार्रवाई की। टीम में एएसआई विमलेश मीणा, आत्माराम शेषमा, कांस्टेबल गोपाललाल खटखड़ और दिनेश चौधरी शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार रामपुरा डाबला क्षेत्र से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा नुरियावास क्षेत्र से एक डंपर को अवैध रूप से बजरी का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जांच के दौरान वाहनों में बजरी भरी हुई मिली। पुलिस ने चालकों से बजरी परिवहन संबंधी रवन्ना और वैध परमिट प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखा सके।
चालक मौके से फरार
कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर के चालक मौका पाकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर थाने में सुरक्षित खड़ा करवाया तथा अग्रिम कार्रवाई के लिए खनन विभाग को सूचना दी।
खनन विभाग ने दर्ज करवाए मामले
पुलिस की सूचना पर खनन विभाग के खनिज कार्यदेशक कौशल शर्मा ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ एमएमआरडी एक्ट के तहत पीसांगन थाने में तीन अलग-अलग मामले दर्ज करवाए हैं।
थानाधिकारी सरोज चौधरी ने बताया कि अवैध खनन और बजरी परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि दर्ज मामलों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
