लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीसांगन (अजमेर)। स्थानीय संवाददाता- ओमप्रकाश चौधरी।
पीसांगन पुलिस ने जमीन के जाली दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने के मामले में चार वर्ष से फरार चल रहे दो हजार रुपये के इनामी आरोपी को बाड़मेर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी को मामले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश करेगी।
थानाधिकारी सरोज चौधरी ने बताया कि 22 अक्टूबर 2021 को वैशाली नगर, अजमेर निवासी विजेंद्र सिंह ने पीसांगन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने आरोप लगाया था कि उसकी जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ीपूर्वक रजिस्ट्री करवा ली गई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी सरोज चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में एएसआई गणेशराम सामरिया, फुलसिंह गुर्जर, कांस्टेबल सुखाराम सेवदा, भोमाराम चोयल, प्रधान जाट एवं जोराराम जाट शामिल थे।
पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर लगातार आरोपी की तलाश जारी रखी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बाड़मेर जिले के गिराब थाना क्षेत्र के बालेवा गांव स्थित चारणों की ढाणी निवासी किशनाराम मेघवाल (27) को डिटेन किया।
थाने लाकर पूछताछ करने पर आरोपी किशनाराम मेघवाल ने प्रकरण में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी सरोज चौधरी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा मामले में आगे की जांच जारी है।
