लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
यात्रियों और माल ढुलाई से अब तक की सर्वाधिक आय दर्ज
अजमेर से संवाददाता : नितिन मेहरा
अजमेर। अजमेर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अगस्त माह तक आय के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं। मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा के कुशल नेतृत्व में अजमेर मंडल प्रगति के पथ पर अग्रसर है और इसका प्रमाण अगस्त माह के आय आंकड़ों में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। मंडल ने विभिन्न मदों में अब तक की सर्वाधिक आय दर्ज कर कई रिकॉर्ड स्थापित किए हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बीसीएस चौधरी ने बताया कि अगस्त माह तक यात्रियों से अब तक की सबसे अधिक आय 332.84 करोड़ रुपये प्राप्त हुई है। इसी प्रकार, अगस्त माह में अकेले यात्रियों से 76.69 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई, जो किसी भी वित्तीय वर्ष के किसी भी महीने में अब तक की सबसे अधिक है। अनारक्षित टिकट से आय 14.16 करोड़ रुपये रही, जबकि आरक्षित टिकट से आय 62.53 करोड़ रुपये दर्ज की गई — दोनों ही श्रेणियों में यह सर्वाधिक है।
माल ढुलाई से आय में भी रिकॉर्ड वृद्धि देखी गई, अगस्त माह तक 390.59 करोड़ रुपये की माल ढुलाई आय अर्जित की गई। अन्य कोचिंग सेवाओं से 30.02 करोड़ रुपये की आय हुई। कुल सकल आय अगस्त तक 775.96 करोड़ रुपये दर्ज की गई।
यात्रियों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। अगस्त माह तक 116.24 लाख यात्रियों ने रेलवे सेवाओं का लाभ लिया। अकेले अगस्त में 25.68 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जो किसी भी माह में अब तक की सबसे अधिक संख्या है। गैर-किराया राजस्व, विशेष रूप से विज्ञापन से 1.99 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। वहीं पार्सल सेवा से 5.52 करोड़ रुपये की आय दर्ज की गई, जो पिछले दस वर्षों में सर्वाधिक वृद्धि है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने इस उपलब्धि का श्रेय कर्मचारियों की मेहनत, प्रशासनिक दक्षता और यात्रियों की बढ़ती सहभागिता को दिया। अजमेर मंडल का यह प्रदर्शन रेलवे के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।













































