लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर से मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ
श्रीगंगानगर। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित 70वीं नेशनल स्कूल चैंपियनशिप-2026 में भाग लेने के लिए राजस्थान की 14 वर्षीय छात्र-छात्रा जूडो टीम रवाना हो गई। श्रीकरणपुर रेलवे स्टेशन से टीम सरायरोहिल्ला ट्रेन के जरिए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रवाना हुई। प्रतियोगिता 23 से 28 अक्टूबर तक आयोजित होगी।
शारीरिक शिक्षक मुकेश कम्बोज ने बताया कि राजस्थान की टीम विभिन्न भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी। छात्रा टीम के कोच देशराज कम्बोज (श्रीगंगानगर) और मैनेजर गणेश लोढ़ा (राजसमंद) हैं। वहीं, छात्र टीम के कोच सुशील सैन (उदयपुर) तथा मैनेजर सुनंदा (राजसमंद) और सरिता (चूरू) हैं। टीम के चीफ-डे-मिशन राजेश मीणा के नेतृत्व में खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे हैं।
प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों ने बहाया पसीना
राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए खिलाड़ियों ने श्रीकरणपुर के गांव 12 एफए स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में 16 से 21 अक्टूबर तक आयोजित प्रशिक्षण शिविर में अभ्यास किया। शिविर के दौरान खिलाड़ियों ने जूडो की तकनीकों और बारीकियों को सीखते हुए अपनी खेल क्षमता को निखारा।
पिछले साल राजस्थान ने जीता था राष्ट्रीय खिताब
शारीरिक शिक्षक मुकेश कम्बोज के अनुसार, पिछले वर्ष भी जूडो कोच देशराज कम्बोज के नेतृत्व में राजस्थान की टीम ने नेशनल चैंपियनशिप में विजेता बनकर राज्य का नाम रोशन किया था। इस बार भी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
शुभकामनाओं के साथ टीम को किया रवाना
श्रीकरणपुर रेलवे स्टेशन पर शारीरिक शिक्षक रसवेग सिंह, मुकेश कम्बोज, सुखविंद्र राम सहित बड़ी संख्या में नगरवासियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। सभी ने टीम की सफलता की कामना करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
राजस्थान की टीम अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और पिछले वर्ष की सफलता को दोहराने के लक्ष्य के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।















































