लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कुरेडा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का मामला, शिक्षा विभाग से निष्पक्ष जांच की मांग
कुरेडा (पीपलू, टोंक)। टोंक जिले की पीपलू तहसील के ग्राम पंचायत कुरेडा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों से कथित रूप से शिक्षकों की कार धुलवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में पढ़ाई के समय कुछ छात्रों से पानी से कार साफ करवाई गई। मामले को लेकर ग्रामीणों में रोष है और शिक्षा विभाग से निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत अधिकांश बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। उनके अभिभावक बच्चों को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद के साथ विद्यालय भेजते हैं। ऐसे में यदि विद्यार्थियों से निजी कार्य कराया जाता है तो यह न केवल शिक्षा व्यवस्था की गरिमा के विपरीत है, बल्कि बच्चों के अधिकारों का भी उल्लंघन है।
स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि इससे भविष्य में किसी भी सरकारी विद्यालय में विद्यार्थियों से निजी कार्य कराने जैसी घटनाओं पर रोक लगेगी।
ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक का दायित्व विद्यार्थियों को शिक्षा देना और उनके व्यक्तित्व का विकास करना है, न कि उनसे निजी कार्य करवाना। विद्यालय ज्ञान का केंद्र है, जहां बच्चों का समय केवल पढ़ाई, खेलकूद और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में ही व्यतीत होना चाहिए।
फिलहाल इस मामले में शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान या जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। अब सभी की निगाहें विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।