
सुमेरपुर। सुमेरपुर उपखंड के नेतरा के रायका समाज के लोगों ने सोमवार को पंचायत समिति परिसर में प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने नेतरा सरपंच पर दबाव में आकर निर्माण कार्य की अनुमति नहीं देने का आरोप लगाया, जबकि सरपंच ने आरोपों को निराधार बताते हुए नियमानुसार शीघ्र ही अनुमति जारी करने का भरोसा दिलाया। नेतरा के रेबारी समाज के लोग पूर्व सरपंच व कांग्रेसी एसबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष प्रेमाराम देवासी के नेतृत्व में पंचायत समिति पहुंचे । जहां नेतरा में रायका समाज के न्याति नोहरा के निर्माण के लिए ग्राम पंचायत की ओर से अनुमति नहीं देने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाए भी शामिल थी। सूचना मिलने पर मौके पर विकास अधिकारी सोहनलाल मौके पर पहुंचे और समझाइश करते हुए शीघ्र ही निर्माण कार्य का भरोसा दिलाया। कांग्रेस नेता प्रेमाराम देवासी, पूर्व सरपंच देवी व युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुरेश कुमार के नेतृत्व में विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा ।आपको बता दें कि ग्राम पंचायत नेतरा की ओर से 10 अक्टूबर 2014 को इस का पट्टा जारी हुआ था। लेकिन आज तक इस पर निर्माण नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। नेतरा के ग्रामीण सोमवार को पंचायत समिति आए थे। नेतरा में रायका समाज, न्याति नोहरा भवन निर्माण के लिए ग्राम पंचायत को आवेदन करने के बाद भी एनओसी जारी नहीं करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सरपंच व वीडियो को विशेष बैठक आयोजित कर नियमों अनुसार एनओसी जारी करने के निर्देश जारी किए हैं।















































