लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर में विदेशी मेहमानों का राजस्थानी संस्कृति से हुआ स्वागत, मुख्यमंत्री बोले- वैश्विक निवेश को मिलेगा बढ़ावा
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जयपुर में ब्रिक्स (BRICS) देशों के उद्योग एवं व्यापार मंत्रियों के सम्मान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या एवं रात्रिभोज में शिरकत की। इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद सहित ब्रिक्स देशों के मंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी तथा उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ब्रिक्स उद्योग एवं व्यापार मंत्रियों के सम्मेलन की मेजबानी राजस्थान के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से राजस्थान में वैश्विक निवेश, औद्योगिक सहयोग और व्यापारिक संभावनाओं को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राजस्थान निवेश, उद्योग, पर्यटन और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा ऐसे वैश्विक आयोजनों से प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है।
राजस्थानी संस्कृति से हुआ विदेशी मेहमानों का स्वागत
रात्रिभोज से पहले आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विदेशी प्रतिनिधियों का पारंपरिक राजस्थानी आतिथ्य के साथ स्वागत किया गया। लोक कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, संगीत और परंपराओं की झलक पेश की, जिसे विदेशी मेहमानों ने सराहा।
6 और 7 अगस्त को जयपुर में ब्रिक्स मंत्रियों की बैठक
उल्लेखनीय है कि ब्रिक्स देशों के उद्योग एवं व्यापार मंत्रियों की बैठक 6 और 7 अगस्त को जयपुर में आयोजित की जा रही है। सम्मेलन में सदस्य देशों के बीच व्यापार, निवेश, औद्योगिक सहयोग और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने सहित विभिन्न वैश्विक आर्थिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। यह आयोजन राजस्थान को अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


















































