पांचना समझौते के बाद सोशल मीडिया पर ‘ अपशब्दों की जंग’, विजय बैंसला और किरोड़ी मीना की शांति की अपील

0
11
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

बैंसला बोले सुअर से लड़ोगे तो गंदे ही होंगे, किरोड़ी बोले दो समाजों को लड़ाने की साजिश शांति बनाएं रखे

जयपुर । पांचना बांध को लेकर सरकार और आंदोलनकारियों के बीच हुए समझौते के बाद अब विवाद सड़क से हटकर सोशल मीडिया पर पहुंच गया है। मीना और गुर्जर समाज के कुछ लोगों की ओर से लगातार वायरल हो रहे वीडियो, पोस्ट और टिप्पणियों ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है। दोनों पक्षों के कुछ सोशल मीडिया यूजर्स की बयानबाजी में जातिगत टिप्पणियां, अभद्र भाषा और महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल देखने को मिल रहा है। ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि कुछ लोग इस पूरे मामले को दो समाजों के बीच टकराव का रूप देने की कोशिश कर रहे हैं।

सोशल मीडिया का दुरुपयोग, एक दूसरे समाजों को गालियां

हालात ऐसे बन गए हैं कि बच्चे, युवा और बुजुर्ग तक सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ गाली-गलौज और कटु टिप्पणियां कर रहे हैं। दोनों समाजों के प्रमुख नेताओं—डॉ. किरोड़ी लाल मीना, जवाहर सिंह बेढ़म और विजय सिंह बैंसला सहित अन्य नेताओं—को भी व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाया जा रहा है। कुछ वायरल वीडियो में महिलाओं और बच्चों से भी नेताओं के खिलाफ अपमानजनक बातें कहलवाने के आरोप सामने आए हैं, जिसने विवाद को और बढ़ा दिया है।

डॅा. किरोड़ी लल मीना की अपील

इन घटनाओं के बीच मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना ने संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वह इस तरह की बयानबाजी पर ध्यान नहीं देते और अपने समर्थकों से भी सोशल मीडिया पर किसी भी तरह के विवाद में नहीं पड़ने की अपील की है। उनका कहना है कि कुछ लोग उन्हें और उनके समाज को निशाना बनाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं और प्रशासन को ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

बाइट – डॉ. किरोड़ी लाल मीना, मंत्री
“कुछ लोग लगातार मुझे और मेरे समाज को टारगेट कर गाली-गलौज कर रहे हैं। मैं उनसे अपील करता हूं कि इस तरह की ओछी बातें कर माहौल खराब न करें। समर्थक भी सोशल मीडिया की बयानबाजी से दूर रहें।”

विजय सिंह बैंसला की फटकार

वहीं, गुर्जर नेता विजय सिंह बैंसला ने भी सोशल मीडिया पर फैल रही कटुता पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि समाज ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार करे जो सोशल मीडिया के जरिए नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। बैंसला ने युवाओं से सवाल किया कि क्या उनके घरों में मां, बहन और बेटियां नहीं हैं, जो वे दूसरों की महिलाओं के खिलाफ इस तरह की आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की।

बाइट – विजय सिंह बैंसला, गुर्जर नेता
“जो लोग सोशल मीडिया पर नफरत और गंदगी फैला रहे हैं, उनका सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए। क्या इन युवाओं की मां-बहन और बेटियां नहीं हैं, जो दूसरों की मां-बहनों के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं। सोशल मीडिया का दुरुपयोग बंद होना चाहिए।”

शांति बनाए रखने की अपील

पांचना बांध विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर जिस तरह की बयानबाजी हो रही है, उसने दोनों समाजों के बीच तनाव की आशंकाएं बढ़ा दी हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि दोनों समाजों के वरिष्ठ नेताओं ने खुलकर शांति, संयम और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। अब निगाहें प्रशासन पर हैं कि वह सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ कितनी प्रभावी कार्रवाई करता है। साथ ही यह भी उम्मीद की जा रही है कि दोनों समाजों के जिम्मेदार लोग आगे आकर संवाद और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का काम करेंगे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here