लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
435 लोगों की स्वास्थ्य जांच
भेरूंदा। राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत बुधवार को ग्राम पंचायत भेरूंदा के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर में 22 विभागों ने एक ही स्थान पर ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में सैकड़ों प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि स्वास्थ्य, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याण योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में पात्र लोगों को मिला।
उपखंड अधिकारी विनीत कुमार सुखाड़िया ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजस्व विभाग ने निपटाए कई प्रकरण
राजस्व विभाग ने शिविर के दौरान 5 बंटवारा, 23 नामांतरण और 25 शुद्धिकरण प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया। इसके अलावा 8 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र से जुड़े 60 प्रकरणों का समाधान किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं का मिला लाभ
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 435 लोगों की स्वास्थ्य जांच, 139 स्वास्थ्य स्क्रीनिंग तथा 62 विभिन्न जांचें कीं। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 85 लोगों की जांच की गई। वहीं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 60 नए कार्ड बनाए गए और 5 कार्ड वितरित किए गए।
बैंकिंग और सामाजिक योजनाओं में भी सेवाएं
बैंकिंग सेवाओं के तहत 10 री-केवाईसी, 3 प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, 6 प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, 2 अटल पेंशन योजना तथा 34 पेंशन सत्यापन किए गए।
पालनहार योजना के 28 प्रकरणों का निस्तारण किया गया और 3 नए आवेदन प्राप्त हुए। प्रधानमंत्री आवास योजना तथा व्यक्तिगत शौचालय योजना के 10-10 आवेदन लिए गए। साथ ही 4 पात्र परिवारों को आवासीय पट्टों का वितरण किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की पहल
महिला एवं बाल विकास विभाग ने शिविर के दौरान दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई तथा एक नवजात शिशु का जन्म पंजीकरण किया। विभिन्न विभागों ने पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया।
ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिली सभी सेवाएं
ग्राम विकास अधिकारी रामस्वरूप पूनिया ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविर का उद्देश्य सभी सरकारी विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और उनके कार्यों का त्वरित निस्तारण हो सके।
पूर्व प्रधान जसवंत सिंह थाटा ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। एक ही छत के नीचे 22 विभागों की मौजूदगी से ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान हो रहा है और पात्र लाभार्थियों को तत्काल योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
शिविर में उपखंड अधिकारी विनीत कुमार सुखाड़िया, तहसीलदार अशोक कुमार, नायब तहसीलदार रामचंद्र भंवरिया, विकास अधिकारी भंवरलाल सिंघाड़िया, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र चौधरी, सीडीपीओ डालूराम कुमावत, सहायक विकास अधिकारी सुखाराम नेण, भाजपा हसौर मंडल अध्यक्ष अमित आसोपा, पूर्व प्रधान जसवंत सिंह थाटा, जिला परिषद प्रतिनिधि रामनिवास धासल, ग्राम विकास अधिकारी रामस्वरूप पूनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।













































