लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। रूपनारायण सांवरिया।
महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी सहित प्रदेश पदाधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इसके बाद प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी के नेतृत्व में पार्टी मुख्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। भाजपा प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र कुमावत, प्रदेश प्रवक्ता एवं पैनलिस्टों सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता को जनजीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
प्रदेशभर में चलाया गया स्वच्छता अभियान
श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत 2 अक्टूबर को प्रदेशभर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित पार्टी के पदाधिकारी अपने-अपने प्रवास के दौरान विभिन्न स्थानों पर आयोजित अभियानों में शामिल हुए।
बगड़ी ने कहा कि भाजपा के लिए स्वच्छता कार्यक्रम महज औपचारिक गतिविधि नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव और जनजागरूकता से जुड़ा निरंतर प्रयास है। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में अपने घरों, कॉलोनियों और आसपास के क्षेत्रों में भी सफाई अभियान चलाए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता को व्यापक जनभागीदारी का रूप देने के लिए कार्यकर्ता लगातार सक्रिय हैं। अभियान के दौरान किए गए कार्यों की तस्वीरें भी साझा की गईं, ताकि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके।




















































