लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
खुशी, आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित हुआ कार्यक्रम
जोधपुर। (तनेजा शर्मा) दीप फाउंडेशन एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर की ओर से विशेष बच्चों के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष बच्चों के बीच खुशी, आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में किरण क्रांति फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हरदीप सिंह सल्लूजा, प्रदेश महासचिव अभिलेष वडेरा, जिला अध्यक्ष डॉ. अनीता परिहार तथा विश्व हिंदू परिषद के प्रेसिडेंट महेंद्र कुमार उपाध्याय ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
सभी अतिथियों का स्वागत डॉ. चंद्रकला गोस्वामी ने किया। इस अवसर पर विशेष बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। अतिथियों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
अतिथियों ने दीप फाउंडेशन एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर की ओर से विशेष बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनमें आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पुष्पा गोस्वामी सहित दीप फाउंडेशन एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर की पूरी टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
संस्था की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि समाज के सहयोग, संवेदनशीलता और सकारात्मक सहभागिता से विशेष बच्चों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को न केवल खुशी मिलती है, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास और सामाजिक जुड़ाव की भावना भी मजबूत होती है।
