Home latest महंगाई के बावजूद रक्षाबंधन पर सजा बाजार

महंगाई के बावजूद रक्षाबंधन पर सजा बाजार

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 रंग-बिरंगी राखियों से गुलजार हुआ चौमहला

फैंसी से लेकर रुद्राक्ष और कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों की बढ़ी मांग, पर्व नजदीक आते ही बाजार में बढ़ी रौनक

गंगधार, झालावाड़। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन नजदीक आते ही गंगधार क्षेत्र के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। महंगाई के बावजूद चौमहला कस्बे के मुख्य बाजार में राखियों की रंग-बिरंगी दुकानें सज गई हैं। दुकानों पर तरह-तरह की आकर्षक राखियों की भरमार है और पर्व नजदीक आने के साथ ग्राहकों की आवाजाही भी बढ़ने लगी है।

राखी बाजार में इस बार पारंपरिक राखियों के साथ फैंसी, मोती, रुद्राक्ष और धागे वाली राखियों की कई वैरायटी उपलब्ध हैं। वहीं बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए कार्टून कैरेक्टर और विभिन्न आकर्षक डिजाइन वाली राखियां भी बाजार में उतारी गई हैं।

बच्चों को लुभा रही म्यूजिक और रोशनी वाली राखियां

दुकानों पर बच्चों के लिए विशेष रूप से आकर्षक राखियां मंगवाई गई हैं। रोशनी और म्यूजिक वाली राखियां बच्चों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दुकानदारों का कहना है कि बच्चों की पसंद को देखते हुए इस बार अलग-अलग डिजाइन और नए पैटर्न वाली राखियों की अच्छी रेंज उपलब्ध कराई गई है।

राखी के साथ मिठाई और गिफ्ट की भी तैयारी

रक्षाबंधन को लेकर राखियों के साथ मिठाई, गिफ्ट आइटम और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। बहनें अपने भाइयों की पसंद के अनुसार राखी के साथ उपहार खरीदने में जुटी हैं।

महंगाई के बीच ग्राहक अपनी जेब और पसंद के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में कम कीमत वाली राखियों से लेकर आकर्षक और महंगी फैंसी राखियों तक कई रेंज उपलब्ध हैं। इससे हर वर्ग के ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार राखी खरीद सकते हैं।

दुकानदारों को अच्छी ग्राहकी की उम्मीद

रक्षाबंधन का पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, बाजार में खरीदारी को लेकर उत्साह बढ़ता जा रहा है। दुकानदारों को उम्मीद है कि पर्व से पहले बाजार में ग्राहकी और बढ़ेगी तथा इस बार रक्षाबंधन पर कारोबार अच्छा रहेगा।

चौमहला के मुख्य बाजार में सजी राखियों की दुकानें फिलहाल पर्व की खुशियों और भाई-बहन के स्नेह की रंगीन तस्वीर पेश कर रही हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version