लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) शहर विधायक अशोक कोठारी ने शनिवार सुबह पुलिस लाइन स्थित संतोषी माता मंदिर में दर्शन के बाद मेवाड़ मिल पुलिया से पांडु नाले तक प्रस्तावित 100 फीट सड़क निर्माण कार्य का मौका मुआयना किया। उन्होंने नगर विकास न्यास और विद्युत विभाग के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और बाधाओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक कोठारी ने पूरे मार्ग का जायजा लेते हुए कहा कि सड़क निर्माण जल्द शुरू किया जाए, ताकि रेलवे ओवरब्रिज का ट्रैफिक दबाव कम हो और शहर में आवागमन सुगम बने। उन्होंने विद्युत विभाग को 11 केवी और 33 केवी बिजली लाइनों को तुरंत सड़क की परिधि से बाहर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। सड़क के मध्य में आने वाले वृक्षों को सुरक्षित स्थानांतरित करने और सरकार की मंशा के अनुरूप सड़क किनारे सघन वृक्षारोपण पर भी जोर दिया।
न्यास अधिकारियों ने जानकारी दी कि 467.55 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण, बिजली लाइन शिफ्टिंग, नाला एवं चारदीवारी निर्माण सहित सभी कार्यों के टेंडर जारी हो चुके हैं तथा निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन परिसर, संतोषी माता मंदिर प्रांगण और पांडु नाले तक आने वाली सभी बाधाओं पर चर्चा कर विधायक कोठारी ने समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सड़क बनने के बाद ओवरब्रिज पर वाहनों का दबाव कम होगा और शहर का ट्रैफिक सुगम हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इस परियोजना का शिलान्यास 5 सितंबर 2025 को भीलवाड़ा सांसद, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू और विधायक अशोक कोठारी की उपस्थिति में हुआ था।
मौका मुआयना के दौरान नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण डाड, पर्यावरणविद प्रकाश छाबड़ा, समाजसेवी देवलाल गुर्जर, कांति लाल जैन सहित एडवोकेट तेजेंद्र सिंह शक्तावत, एडवोकेट हंसराज, मधुबाला यादव, गोपाल पांचाल, एडवोकेट अर्पित कोठारी, सुंदरलाल बंबोड़ा, विवेक निमावत, राजकुमार ईनाणी, संजय राठी, कमल कोठारी, दिलीप सोनी, दिनेश सुथार, करण सिंह सहित कई कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।
















































