लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार (झालावाड़)। आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले उपखंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को उपखंड अधिकारी ओम प्रकाश चंदेलिया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, भामाशाह, सरकारी एवं निजी विद्यालयों के शिक्षक तथा प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
बैठक में समारोह को गरिमामय और हर्षोल्लास के साथ आयोजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपखंड अधिकारी ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं।
उपखंड अधिकारी ओम प्रकाश चंदेलिया ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर सभी सरकारी कार्यालयों में सुबह 8:15 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। वहीं उपखंड स्तरीय मुख्य समारोह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगधार के प्रांगण में आयोजित होगा, जहां सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली जाएगी।
समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक व्यायाम, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्काउट-गाइड द्वारा पिरामिड प्रदर्शन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, चौमहला के प्रधानाचार्य कालूराम शर्मा को सौंपी गई है। वहीं परेड और व्यायाम प्रदर्शन की तैयारियां शारीरिक शिक्षकों के निर्देशन में कराई जाएंगी। पूरे कार्यक्रम का संयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगधार द्वारा किया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार गणेश खंगार, प्रधानाचार्य कालूराम शर्मा, मनोहर दास बैरागी, नीलमणि शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक गायरी, प्रशासक प्रतिनिधि अशोक भंडारी, दिलीप जैन, पवन पिछोलिया, सुनील जैन, विष्णु पोरवाल, पंकज नवलखा, धर्मेंद्र जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

















































