लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कलश यात्रा, हवन व भजन संध्या के होंगे भव्य आयोजन
पादूकलां। कुम्हार (प्रजापति) समाज की आराध्य देवी, भक्त शिरोमणि श्री श्रीयादे माता की जयंती इस वर्ष 20 जनवरी को कस्बे में ऐतिहासिक एवं भव्य रूप से मनाई जाएगी। श्री श्रीयादे माता जयंती महोत्सव समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसे लेकर समाजजन में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन की तैयारियों को लेकर 15 जनवरी को प्रजापत मंडल की विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। प्रजापत मंडल अध्यक्ष खाकीराम प्रजापत ने बताया कि 19 जनवरी को रात्रि 8 बजे से श्री श्रीयादे माता मंदिर परिसर में विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। इस दौरान ख्यातनाम भजन गायक माता के भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
उन्होंने बताया कि 20 जनवरी को प्रातः 8:30 बजे मंदिर से कस्बे के मुख्य मार्गों से होती हुई भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए शामिल होंगी। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात मंदिर प्रांगण में विधि-विधान से हवन-यज्ञ संपन्न होगा, जिसके मुख्य यजमान बालूराम प्रजापत होंगे।
समिति सदस्यों के अनुसार जयंती महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर परिसर की विशेष सजावट, स्वागत द्वार तथा ध्वनि एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्थाएं की जा रही हैं। समाज के युवा एवं महिलाएं घर-घर जाकर लोगों को कार्यक्रम में सहभागी बनने का निमंत्रण दे रही हैं। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास एवं उत्सव का वातावरण बना हुआ है।
