लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर। (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ) श्रीगंगानगर जिले के केसरीसिंहपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां स्कूल जा रही एक 13 वर्षीय छात्रा पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा तेजाब फेंकने की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना में गंभीर रूप से घायल छात्रा को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार छात्रा की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके। फिलहाल प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
घटना के बाद छात्रा के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों में इस जघन्य घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।