लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लक्ष्मणगढ़ (सीकर)। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर लक्ष्मणगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उपखंड क्षेत्र के डालमास गांव में आयोजित श्री जमवाय माता की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शिरकत की।
शेखावाटी क्षेत्र के साधु-संतों के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं और समाज बंधुओं की उपस्थिति रही। समारोह को संबोधित करते हुए श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि डालमास गांव में श्री जमवाय माता का मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में सनातन परंपरा हजारों वर्षों से कायम है और साधु-संतों का सानिध्य समाज को सही दिशा प्रदान करता रहा है। बगड़ी ने कहा कि सूर्य की उत्पत्ति के साथ ही भगवा का अस्तित्व माना जाता है और भक्तों की आस्था ही सनातनी संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने लोगों से जात-पात से ऊपर उठकर भाईचारे के साथ सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि इसमें मातृशक्ति और युवाओं का विशेष योगदान है।
इस अवसर पर लक्ष्मणगढ़ के गाडोदा आश्रम के पीठाधीश्वर महावीर जति महाराज, शीलजती आश्रम के पीठाधीश्वर शिवराज जति महाराज, भाजपा नेता जितेंद्र कारंगा, नरपत सिंह डांगरा, भवानी सिंह खेड़ी, राजेश खाखल, भोजासर के सरपंच संदीप शर्मा, पाटोदा के सतीश शर्मा, दिनेश जोशी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे।