लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
19 से 25 सितंबर तक विशेष शिविर, 22 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी रहेंगे मौजूद
भेरुंदा/नागौर। आमजन को सरकारी योजनाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भेरुंदा में ‘विकसित भारत–जन सेवा अभियान 2026’ का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत 19 से 25 सितंबर तक पंचायत समिति सभागार में विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है।
शिविर की अध्यक्षता विकास अधिकारी सीमा गौड़ ने की। वहीं सहायक विकास अधिकारी नंदकिशोर टाक को शिविर प्रभारी बनाया गया है। शिविर में राजस्व निरीक्षक छोटाराम गोदारा, बीसीएमओ डॉ. राजेंद्र चौधरी, सहायक लेखाधिकारी कैलाशचंद बोरानिया और जेईएन सतपाल चौधरी सहित 22 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
एक ही स्थान पर सरकारी सेवाओं का लाभ
अभियान के तहत आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने और विभागीय सेवाओं से संबंधित कार्यों के निस्तारण की व्यवस्था की गई है।
शिविर का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान आमजन अपनी समस्याओं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन की ओर से क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे शिविर में पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।
