लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नवीन भवन निर्माण और मरम्मत के साथ फर्नीचर, लैब, स्मार्ट क्लास, बिजली-पानी सुविधाओं पर भी होगा खर्च
कोटा। (लोकटुडे न्यूज़ नेटवर्क) राजस्थान सरकार ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर बड़ा बजट स्वीकृत किया है। राज्य के 472 सरकारी स्कूलों में नवीन भवन निर्माण एवं भवन मरम्मत के लिए 401 करोड़ 3 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
जारी आदेश के अनुसार राशि अलग-अलग श्रेणी के विद्यालयों के लिए निर्धारित की गई है। प्रदेश के 261 प्राथमिक विद्यालयों के लिए प्रति विद्यालय 41 लाख रुपए, 128 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए प्रति विद्यालय 65 लाख रुपए तथा 83 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए प्रति विद्यालय 2 करोड़ 54 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
कोटा संभाग के 126 स्कूल शामिल
स्वीकृत विद्यालयों की सूची में कोटा संभाग के 126 स्कूल शामिल हैं। इनमें बारां जिले के 27, बूंदी के 12, झालावाड़ के 84 और कोटा जिले के 3 विद्यालय शामिल हैं। इन विद्यालयों में स्वीकृत राशि से भवन निर्माण और मरम्मत सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
स्वीकृत बजट में भवन निर्माण, फर्नीचर, प्रयोगशाला उपकरण, स्मार्ट क्लासरूम, बिजली और पेयजल सुविधाओं से संबंधित खर्च भी शामिल किया गया है। इससे विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने की योजना है।
अब तक 3 हजार करोड़ रुपए किए स्वीकृत
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने बताया कि राज्य सरकार अब तक विद्यालयों में भवन निर्माण और आधारभूत विकास के लिए करीब 3 हजार करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत कर चुकी है।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी विद्यालय भवन विहीन नहीं रहे।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों के आधारभूत विकास के लिए प्राथमिकता के आधार पर नवीन भवन निर्माण, भवन मरम्मत, अतिरिक्त कमरों और प्रयोगशालाओं के निर्माण के लिए लगातार बजट स्वीकृत किया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से भी विद्यालय विकास के लिए राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
