लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: बृजकिशोर पारीक, जोधपुर
जोधपुर। नववर्ष और नवरात्र के अवसर पर जोधपुर में एक अनूठी धार्मिक पहल के तहत 500 घरों में प्राण-प्रतिष्ठित खाटू वाले श्याम बाबा की मूर्तियां पहुंचाई जाएंगी। यह पहल श्याम भक्ति सेवा संस्थान द्वारा की जा रही है। संस्थान की अध्यक्ष मोनिका प्रजापत के नेतृत्व में नवरात्र के पहले दिन इन मूर्तियों का निशुल्क वितरण किया जाएगा।
आयोजन से जुड़े शास्त्री मोहित भाई दाधीच ने बताया कि मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा विद्वान पंडितों की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ कराई जाएगी, ताकि भक्तों को विधिवत पूजनीय स्वरूप प्राप्त हो सके। यह धार्मिक आयोजन 19 मार्च को प्रातः 9 बजे जोधपुर के गीता भवन में आयोजित किया जाएगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष ईश्वर सिंह उदावत और कार्यवाहक सचिव हेमंत लालवानी ने बताया कि मूर्तियों का निर्माण प्रसिद्ध शिल्पकार जयशंकर बावरी के नेतृत्व में 15 कारीगरों की टीम ने किया है। कई दिनों की मेहनत के बाद लगभग सभी मूर्तियां तैयार हो चुकी हैं।
शिल्पकार जयशंकर बावरी ने बताया कि उन्हें खाटू वाले श्याम बाबा की 600 मूर्तियां बनाने का अवसर मिला है। पहले 100 बड़ी मूर्तियां मंदिरों के लिए बनाई गई थीं, जबकि अब 500 मूर्तियां घरों में स्थापना के लिए तैयार की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्य से प्राप्त आय से पहले श्मशान घाट में प्याऊ का निर्माण कराया गया और अब वहीं भगवान शिव की मूर्ति स्थापित करने का संकल्प लिया गया है।
कार्यक्रम की तैयारियां गीता भवन में जोर-शोर से चल रही हैं। प्राण प्रतिष्ठा पूजन कमेटी के अध्यक्ष पंडित एस.के. जोशी के नेतृत्व में जगदीश कुमार, नितिन आचार्य, राधाकृष्ण शर्मा, प्रभांशु जोशी और भूमित्र जोशी सहित पंडितों की टीम मूर्तियों के अंतिम पूजन कार्य में जुटी हुई है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जिनमें श्याम बाबा श्रृंगार समिति, प्रसाद व्यवस्था समिति, गीता भवन प्रबंधन समिति, टेंट एवं जल व्यवस्था समिति, अतिथि स्वागत समिति, मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रबंधन समिति तथा वित्त समिति शामिल हैं। इन समितियों के सदस्य आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।
संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज में भक्ति और धार्मिक संस्कारों को बढ़ावा देना है, ताकि अधिक से अधिक घरों में श्याम बाबा की पूजा-अर्चना हो सके।