लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद
राजसमंद। आचार्य (दाधीच) समाज पीपली आचार्यान की ओर से शनिवार को सती माता मंदिर परिसर स्थित भगवान महर्षि दधीचि मंदिर में महर्षि दधीचि जयंती हर्षोल्लास एवं समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर समाजजनों ने महर्षि दधीचि की पूजा-अर्चना कर उनके त्याग, तपस्या और समाजसेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
महर्षि दधीचि जन कल्याण संस्थान उदयपुर संभाग अध्यक्ष डॉ. रामस्वरूप आचार्य ने बताया कि सुबह 8 बजे महर्षि दधीचि की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया गया। इसके बाद सामूहिक पूजा-अर्चना और आरती हुई। दोपहर में मनोज आचार्य, विनय आचार्य एवं राधेश्याम आचार्य के मार्गदर्शन में बालकों और समाजजनों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
चित्रकला और कुर्सी रेस में प्रतिभागियों ने दिखाया उत्साह
चित्रकला प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में शिवि आचार्य ने प्रथम, ऋषिधा आचार्य एवं युवान आचार्य ने द्वितीय तथा रियांशी आचार्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में शाम्भवी आचार्य प्रथम, नयन आचार्य द्वितीय और उत्कर्ष आचार्य तृतीय रहे।
महिला कुर्सी रेस में कैलाश देवी प्रथम, सीमा द्वितीय और ज्योत्सना आचार्य तृतीय रहीं। पुरुष कुर्सी रेस में चन्द्रशेखर आचार्य ने प्रथम, लादूलाल आचार्य ने द्वितीय और डॉ. नरेंद्र आचार्य ने तृतीय स्थान हासिल किया।
उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान
समाज और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर समाज को गौरवान्वित करने वाली प्रतिभाओं को कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। आशुतोष आचार्य, डॉ. आदित्य आचार्य, वैभव आचार्य, पंकज आचार्य, डॉ. रुद्राक्ष आचार्य, मोहित आचार्य, ब्रजेश कुमार आचार्य, दिव्यांश आचार्य, उदल कुमार आचार्य, महेश आचार्य (छोटू बापू), लिपिश आचार्य, भरत कुमार आचार्य एवं विशाल आचार्य को स्मृति चिन्ह और प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही समाज के वरिष्ठजनों का भी बहुमान किया गया।
इस अवसर पर लादूलाल आचार्य ने महर्षि दधीचि के जीवन और उनके महान त्याग पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महर्षि दधीचि ने समाज और देशहित के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया और अपनी अस्थियों तक का दान किया। उन्होंने समाजजनों से महर्षि दधीचि के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महर्षि दधीचि जन कल्याण संस्थान के परमेश्वर आचार्य, हेमंत आचार्य, कृष्णबिहारी आचार्य, राजीव लोचन आचार्य, बद्रीप्रसाद त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कैलाश आचार्य ने किया।