लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीएमएचओ डॉ. गुर्जर ने किया माण्डलगढ़ उपजिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण, अनाधिकृत लैब बंद करने के निर्देश
साफ-सफाई में सुधार और मानकों के पालन पर दिए कड़े निर्देश
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. रामकेश गुर्जर ने गुरुवार को माण्डलगढ़ उपजिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, प्रसूता कक्ष, लैब, टीकाकरण कक्ष और अन्य सभी चिकित्सकीय कक्षों का विस्तृत अवलोकन कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर विशेष जोर देते हुए सीएमएचओ ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत एक्शन लेने के निर्देश भी दिए।
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल यादव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल के सामने एक अनाधिकृत लैब संचालित होती मिली, जो निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रही थी।
इन गंभीर कमियों के आधार पर लैब को तुरंत बंद करने के आदेश दिए गए:
-
बायो-वेस्ट निस्तारण के लिए पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड का ऑथराइजेशन प्रमाण पत्र नहीं
-
किसी संस्था से बायो-मेडिकल वेस्ट निस्तारण हेतु एमओयू नहीं
-
लैब संचालन का आवश्यक पंजीकरण प्रमाण पत्र अनुपलब्ध
-
कर्मचारियों के तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किए
-
लैब में कोई चिकित्सक उपलब्ध नहीं
-
चिकित्सकीय दस्तावेजों का रिकॉर्ड नहीं मिला
सीएमएचओ ने सभी कमियां गंभीर बताते हुए लैब को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक सीएमओ डॉ. यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक भी मौजूद रहे।


















































