लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
“या हुसैन” की सदाओं से गूंजा नगर
डग (झालावाड़)
झालावाड़ जिले के डग नगर में चालीसवें (चेहलुम) के अवसर पर रविवार को खंडार इमामबाड़े से पारंपरिक ताजिया जुलूस श्रद्धा और अकीदत के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रमुख मार्गों से निकला जुलूस
ताजिया जुलूस खंडार इमामबाड़े से शुरू होकर मेन बाजार, गणेश चौक, मेहंदीपुरा, बुधवारिया गेट होते हुए पुराने बस स्टैंड पहुंचा। यहां से ताजिया कर्बला के लिए रवाना किया गया। पूरे मार्ग में “या हुसैन” और “या अली” के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
नात और देशभक्ति गीतों ने बांधा समां
जुलूस के दौरान बाहर से आए बैंड दल ने मसीहा और नात शरीफ पेश की। “हुसैन तुमको सलाम, ज़माना कहता है” जैसी प्रस्तुतियों के साथ देशभक्ति गीतों ने भी माहौल को भावनात्मक बना दिया, जिसकी लोगों ने सराहना की।
मन्नत पूरी होने पर चढ़ाए फूल
अकीदतमंदों ने अपनी मन्नतें पूरी होने पर ताजियों पर फूल अर्पित किए और इमाम हुसैन की याद में दुआएं मांगी। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, अनुशासन और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
नौजवान कमेटी ने की दस्तारबंदी
जुलूस के दौरान नौजवान कमेटी की ओर से दस्तारबंदी कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाज के युवाओं का सम्मान किया गया।
पुलिस-प्रशासन के सहयोग से शांतिपूर्ण आयोजन
ताजिया जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस अधिकारियों एवं प्रशासनिक अमले का विशेष सहयोग रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरा आयोजन सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।















































