लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कृषि मंडी में एलईडी वॉल और 1000 कुर्सियों की व्यवस्था
समदड़ी (बालोतरा)। पचपदरा स्थित एचआरआरएल रिफाइनरी के उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम का शनिवार को समदड़ी कस्बे में भी लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए पंचायत समिति स्तर पर कृषि उपज मंडी परिसर में बड़े एलईडी वॉल लगाए गए हैं तथा आमजन के बैठने के लिए लगभग 1000 कुर्सियों की व्यवस्था की गई है।
व्यवस्था प्रभारी एवं विकास अधिकारी करणाराम पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री के करकमलों से होने वाले रिफाइनरी के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पचपदरा में विभिन्न विभागों के अधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि समदड़ी कृषि मंडी में एलईडी वॉल के माध्यम से प्रधानमंत्री के उद्घाटन समारोह एवं संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। आमजन की सुविधा के लिए बैठक व्यवस्था के साथ छाया, पेयजल, चिकित्सा, विद्युत तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
सरकारी कार्यालयों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया
प्रधानमंत्री के आगमन और रिफाइनरी लोकार्पण समारोह को लेकर समदड़ी कस्बे में उत्साह का माहौल है। पंचायत समिति, तहसील कार्यालय, नगर पालिका तथा पुलिस थाना सहित विभिन्न सरकारी भवनों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। शाम के समय पूरा कस्बा दीपावली जैसी जगमगाहट से रोशन नजर आ रहा है।
प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम के सफल आयोजन और आमजन की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।





















































