लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर से रिपोर्टर: बृजकिशोर पारीक
जोधपुर। महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्यरत संभली ट्रस्ट द्वारा मुख्य कार्यालय में महिला सशक्तिकरण एवं कौशल विकास को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एक वर्ष का व्यावसायिक प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली 132 महिलाओं को प्रमाण-पत्र एवं सिलाई मशीनें वितरित की गईं।
संभली ट्रस्ट की स्थापना वर्ष 2007 में गोविंद सिंह जी द्वारा मात्र 18 महिलाओं के साथ की गई थी। संस्था का उद्देश्य राजस्थान की महिलाओं, बालिकाओं एवं लैंगिक अल्पसंख्यक समुदायों को शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। वर्तमान में संभली ट्रस्ट 78,000 से अधिक महिलाओं और समुदायों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला चुका है। संस्था संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक एवं सामाजिक परिषद (ECOSOC) से मान्यता प्राप्त है और बीते 17 वर्षों से जोधपुर, फलोदी एवं जैसलमेर सहित पश्चिमी राजस्थान में विभिन्न सशक्तिकरण परियोजनाओं का सफल संचालन कर रही है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रबंध न्यासी श्यामा टंवर द्वारा स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने संस्था के कार्यों और महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इसके पश्चात संस्थापक गोविंद राठौड़ ने संभली ट्रस्ट की यात्रा साझा करते हुए बताया कि सिलाई मशीनें महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता का मजबूत साधन बन रही हैं, जिससे वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर पा रही हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कनाडा उच्चायोग, भारत के कार्यवाहक उच्चायुक्त मार्क एलन रहे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय न्यायाधिपति मनोज कुमार गर्ग, पूर्व अध्यक्ष, किशोर न्याय समिति, राजस्थान उच्च न्यायालय उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में काशिका राणा (संस्थापक, गोडवाड़ फाउंडेशन) एवं जसविंदर कौर (लोक कूटनीति एवं संचार अधिकारी, CFLI) शामिल रहीं।
इसके अतिरिक्त संगीता गर्ग, राकेश कुमार चौधरी, कृष्णा वैष्णव, डॉ. बी.एल. सारस्वत, अनिल व्यास, बजरंग सारस्वत सहित यूनिसेफ राजस्थान के बाल संरक्षण सलाहकार आशुतोष श्रीवास्तव, अजीत कुमार जोशी एवं कपिल देव प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति रही। संभली यूएसए से तनय जनेजा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान आत्मरक्षा का प्रदर्शन, अभिव्यक्ति केंद्र की महिलाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा संभली की पूर्व प्रतिभागियों द्वारा अपने अनुभव साझा किए गए, जिन्होंने संस्था के साथ अपनी प्रेरणादायक यात्रा को बताया।
इस अवसर पर संभली ट्रस्ट की सह-संस्थापक मुक्ता कंवर, न्यासी वीरेंद्र सिंह, प्रबंधक विमलेश सोलंकी सहित संस्था के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जैसलमेर कार्यालय के प्रबंधक भौम सिंह भाटी ने किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए। अतिथियों ने संभली ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही है।