लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
810 ग्राम हेरोइन बरामद
श्रीकरणपुर सेक्टर में सीमा चौकी कोहली के क्षेत्र से संदिग्ध पैकेट मिला, केसरीसिंहपुर पुलिस को सौंपा
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 810 ग्राम हेरोइन बरामद की है। कार्रवाई श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर सेक्टर में सीमा चौकी कोहली के जिम्मेदारी क्षेत्र में की गई।
BSF की 118वीं वाहिनी की ओर से सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान चक नंबर 13-SB क्षेत्र में एक संदिग्ध पैकेट पड़े होने की सूचना कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर रमेश कुमार को मिली।
सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर रमेश कुमार के नेतृत्व में BSF की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध पैकेट को अपने कब्जे में लिया। पैकेट की जांच करने पर उसमें करीब 810 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस को सौंपा मादक पदार्थ
BSF ने बरामद मादक पदार्थ के संबंध में केसरीसिंहपुर थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए 810 ग्राम हेरोइन पुलिस के सुपुर्द कर दी गई।
BSF की 118वीं वाहिनी के कमांडेंट कमल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है। बल की ओर से सीमा पार से होने वाली संभावित तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल पुलिस बरामद हेरोइन के स्रोत और इसके पीछे जुड़े लोगों के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।