लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सरमथुरा, धौलपुर। सरमथुरा थाना परिसर में थानाधिकारी हरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना रहा।
बैठक के दौरान थानाधिकारी हरेंद्र सिंह ने व्यापारियों से संवाद करते हुए बाजार में सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने व्यापारियों को दुकानों के बाहर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखने तथा सर्दी के मौसम को देखते हुए रात्रि के समय बाजार में चौकीदार रखने की आवश्यकता पर समझाइश की।
सीआई हरेंद्र सिंह ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने व्यापारियों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की।
बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे, जिन्होंने सुरक्षा से जुड़े अपने सुझाव भी साझा किए। पुलिस और व्यापारियों के बीच आपसी समन्वय को और बेहतर बनाने पर भी सहमति बनी।
