Home latest समदड़ी रेलवे स्टेशन का महाप्रबंधक ने किया औचक निरीक्षण

समदड़ी रेलवे स्टेशन का महाप्रबंधक ने किया औचक निरीक्षण

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

समदड़ी।
उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर के महाप्रबंधक अमिताभ ने समदड़ी रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन शाखा के पदाधिकारियों ने उनका पारंपरिक स्वागत करते हुए साफा व माला पहनाकर सम्मान किया। साथ ही जोधपुर रेल मंडल के डीआरएम एवं अन्य अधिकारियों का भी स्वागत किया गया।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने रेलवे जंक्शन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र बोराणा एवं पूर्व जिला महामंत्री गणपत राज मेहता सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव की ओर ध्यान आकर्षित किया।

ज्ञापन में बताया गया कि स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज की समुचित व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में भारी परेशानी होती है, विशेषकर दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को। इसके अलावा अंडरब्रिज निर्माण, आरक्षण टिकट खिड़की की सुविधा, स्टेशन परिसर में शौचालयों की व्यवस्था, पार्किंग क्षेत्र में सुविधाओं का अभाव, रेलवे कॉलोनी में मीठे पानी की उपलब्धता तथा स्टेशन पर एटीएम सुविधा की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

महाप्रबंधक अमिताभ ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर और पार्किंग क्षेत्र का जायजा लेकर अधिकारियों से फीडबैक लिया और जहां-जहां कमियां पाई गईं, वहां सुधार के निर्देश जारी किए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version