लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर (मनजीत सिंह)। श्रीगंगानगर जिले के गजसिंहपुर में घरेलू विवाद के चलते एक दंपति द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। हालांकि, समय रहते परिजनों और पड़ोसियों की सजगता से दोनों की जान बचा ली गई।
घटना गजसिंहपुर के वार्ड नंबर 12 स्थित शिव मंदिर के पास की है, जहां रविंद्र कुमार (30) पुत्र चिरंजीलाल धानका और उसकी पत्नी हिना (27) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों कमरे में चले गए। कुछ देर तक कोई हलचल न होने पर परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो दोनों फांसी के फंदे पर लटके हुए थे।
परिजनों ने तुरंत पड़ोसियों की मदद से दोनों को नीचे उतारा और तत्काल गजसिंहपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने समय पर उपचार कर दोनों की जान बचा ली। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी शालू बिश्नोई के अनुसार प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दंपति की 6 माह की एक बच्ची भी है।
यह घटना एक बार फिर यह दर्शाती है कि समय रहते सतर्कता और सहयोग से बड़ी अनहोनी को टाला जा सकता है।
