लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कार सवार बदमाश ने की फायरिंग, पुलिस जांच में जुटी
ब्यूरो चीफ: मनजीत सिंह
स्थान: श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के घड़साना क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब गांव सखी मार्ग पर एक बदमाश ने सरेआम फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। फायरिंग करने के बाद बदमाश कार में सवार होकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नई मंडी घड़साना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक कारतूस का खोल बरामद किया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस बदमाश की पहचान और उसकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संभावित रास्तों पर नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
लोगों में भय का माहौल
फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
तलाशी अभियान जारी
पुलिस की कई टीमें बदमाश की तलाश में आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।


















































