लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह – ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर |
जवाहरनगर पुलिस को मिले 21 लाख नकद, 21.5 किलो चांदी और बड़ी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज
श्रीगंगानगर। जवाहरनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित साइबर क्राइम गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से ₹21 लाख नकद, 21 किलो 514 ग्राम चांदी, दर्जनों चेकबुक, पासबुक, एटीएम कार्ड, सक्रिय सिम कार्ड और बड़ी मात्रा में फर्जी बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके साथ ही आरोपियों की दो कारें भी जब्त की गई हैं।
संदिग्ध गाड़ियों की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अबोहर रोड पर दो सफेद कारें संदिग्ध अवस्था में खड़ी हैं, जिनमें तीन युवक संदिग्ध सामग्री के साथ मौजूद हैं।
सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवीर प्रसाद, सहायक पुलिस अधीक्षक IPS विशाल जांगिड़ के निर्देशन में पुरानी आबादी थाना अधिकारी देवेंद्र सिंह और टीम ने दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी घबरा गए और भागने लगे, लेकिन टीम ने तीनों को पकड़ लिया।
बरामद सामग्री चौंकाने वाली
तलाशी के दौरान पुलिस ने बरामद किए—
-
₹21,00,000 नकद
-
21 किलो 514 ग्राम चांदी
-
90 चेकबुक
-
64 बैंक पासबुक
-
44 एटीएम/डेबिट कार्ड
-
अनेक सक्रिय लूज सिम कार्ड
-
कई व्यक्तियों के आधार, पैन, जन आधार कार्ड
-
फर्जी कंपनियों के GST नंबर, मोहरें, रबर स्टैंप, बिल बुक, रजिस्ट्रेशन बुक
-
HP कंपनी का लैपटॉप
-
दो कारें

साइबर फ्रॉड और हवाला का जाल
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी चंद्र कुमार ने कबूल किया कि वह हवाला, ऑनलाइन गेमिंग और फर्जी बैंक खातों के जरिए आर्थिक लेनदेन करवाता था।
अन्य आरोपी संदीप चौहान और दीपक गरीबों की मदद के नाम पर उनसे बैंक खाते खुलवाते थे, जिनकी चेकबुक, पासबुक और एटीएम वे खुद रख लेते थे और इन खातों का दुरुपयोग किया जाता था।
फर्जी फर्मों के दस्तावेजों व मोहरों का उपयोग कर बैंकिंग लेनदेन दिखाना और खातों को अनफ्रीज करवाना भी इनके नेटवर्क का हिस्सा था।
पुलिस ने शुरू की विस्तृत जांच
एसपी ने बताया कि बरामद सामग्री से साफ है कि आरोपी लंबे समय से संगठित साइबर धोखाधड़ी, हवाला और फर्जी बैंकिंग लेनदेन में सक्रिय थे।
तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।