लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। राजस्थान की 16वीं विधानसभा का पंचम सत्र जारी है। गुरुवार को गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता के प्रति जवाबदेह रहते हुए ‘सुराज’ की स्थापना के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा में पेश किए जा रहे सभी विधेयक प्रदेश के विकास और जन कल्याण के उद्देश्य से हैं।
मंत्री बेढ़म ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सकारात्मक और तार्किक चर्चा के माध्यम से जनहित में कानून बनाना है। उन्होंने विपक्ष द्वारा सदन में कार्यवाही में व्यवधान डालने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह राजस्थान के विकास के लिए उचित नहीं है। उन्होंने दोहराया कि सरकार दृढ़ संकल्प के साथ जनहित में कानून पारित करेगी और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू भी करेगी।
गल्फ देशों में चल रहे संघर्षपूर्ण हालातों पर चर्चा करते हुए बेढ़म ने बताया कि राज्य सरकार केंद्र सरकार के साथ सतत संपर्क में है। विदेशों में शिक्षा और उद्यम के लिए गए प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत प्रयासों और केंद्र के समन्वय से कई नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाया जा चुका है, जिनमें उनके क्षेत्र ब्रजनगर की एक बालिका भी शामिल है।
मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है और गठबंधन में सभी निर्णय सामूहिक चर्चा और आपसी सहमति से लिए जाते हैं।
