लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। अजमेर-बीकानेर नेशनल हाईवे से केरिया माकड़ा गांव जाने वाली लिंक रोड इन दिनों पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क से गिट्टी उखड़ी हुई है और निर्माण विभाग द्वारा डाली गई मिट्टी के बावजूद डामरीकरण न होने के कारण राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह मार्ग पहले डामरीकृत था, लेकिन समय के साथ सड़क पूरी तरह खराब हो गई। मरम्मत के नाम पर हल्की मिट्टी डाली गई, लेकिन अब तक सड़क का डामरीकरण नहीं किया गया। सड़क पर गिट्टी उखड़ी होने और मिट्टी फैलने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना की आशंका में जोखिम उठाकर सफर कर रहे हैं।
यह लिंक रोड केरिया माकड़ा गांव का मुख्य और एकमात्र मार्ग है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग से गुजरते हैं। यह सड़क आगे जेजासनी होते हुए रियांबड़ी की ओर जाती है, जिससे कई अन्य गांव भी इसी मार्ग पर निर्भर हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को कई बार फोन के माध्यम से समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से अपील की है कि जल्द से जल्द सड़क का डामरीकरण करवाया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों और राहगीरों को राहत मिल सके।
